रांची : 9 वर्षों से लंबित JTET परीक्षा के आयोजन की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा गया ज्ञापन
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा 9 वर्षों से लंबित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के शीघ्र आयोजन की मांग को लेकर माननीय मुख्यमंत्री, झारखंड सरकार के नाम प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने अवगत कराया कि राज्य के लाखों प्रशिक्षित शिक्षक अभ्यर्थी पिछले लगभग 9 वर्षों से JTET परीक्षा के आयोजन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। लंबे समय से परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों का भविष्य अनिश्चित होता जा रहा है तथा राज्य में शिक्षकों की कमी भी लगातार बनी हुई है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
संघ ने सरकार के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं —
JTET की संशोधित नियमावली को अविलंब कैबिनेट से पारित किया जाए।
JTET परीक्षा की तिथि एवं परीक्षा परिणाम की समय-सीमा शीघ्र घोषित की जाए।
NCTE दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से JTET परीक्षा आयोजित करने का स्थायी प्रावधान किया जाए।
B.Ed एवं D.El.Ed के एपियरिंग अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्रदान किया जाए।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु JTET परीक्षा आयोजित कर शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार सहित रवींद्र पासवान, मनीष चंद्रा, हरिकेश महतो, राकेश रजक, संजय रजक, संतोष कुमार, दुर्गेश चंद्रवंशी, हेमंत पाठक, आलोक कुमार, वेद प्रकाश ,कमलेश चौधरी, राधे कुमार, नीरज कुमार एवं राहुल यादव ने कहा कि यदि जल्द ही परीक्षा आयोजन को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो अभ्यर्थी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
अंत में संघ ने राज्य सरकार से अभ्यर्थियों के भविष्य एवं राज्य की शिक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।






