हिंदी में तारीख और समय

---Advertisement---

JPSC छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शीता सुनिश्चित हो— देवेन्द्र नाथ महतो

रांची : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं छात्र आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने आज पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार से लोकभवन, राँची में मुलाकात कर 14वीं संयुक्त असैनिक सेवा (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा-2025 के परिणाम में सामने आई कथित अनियमितताओं एवं अभ्यर्थियों की समस्याओं से संबंधित विस्तृत ज्ञापन सौंपा।देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि कुछ दिन पूर्व आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से भी उन्होंने 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा परिणाम में सामने आए विभिन्न तथ्यों को सार्वजनिक किया था। उन्हीं तथ्यों एवं छात्रों की शिकायतों से आज महामहिम राज्यपाल को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।उन्होंने कहा कि यह मामला केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के लाखों छात्रों के भविष्य, झारखंड लोक सेवा आयोग की विश्वसनीयता एवं संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा से जुड़ा हुआ है। इसलिए पूरे मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित हस्तक्षेप आवश्यक है।देवेन्द्र नाथ महतो ने महामहिम राज्यपाल के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं—1. 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा-2025 की संपूर्ण चयन प्रक्रिया की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय सीबीआई अथवा सक्षम एजेंसी से जांच कराई जाए।

2. आयोग द्वारा जारी परिणाम पर संवैधानिक सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं होने तथा श्रेणीवार कट-ऑफ अंक सार्वजनिक नहीं किए जाने के पूरे मामले की जांच कराई जाए और संबंधित तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए।

3. सोशल मीडिया पर वायरल ओएमआर शीट एवं उससे जुड़े दावों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

4. जांच पूरी होने एवं श्रेणीवार कट-ऑफ सार्वजनिक किए जाने तक 18, 19 एवं 20 जुलाई 2026 को प्रस्तावित मुख्य परीक्षा तत्काल स्थगित की जाए।

5. अभ्यर्थियों को आवेदन एवं तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया जाए, क्योंकि वर्तमान में मात्र सात दिनों में जाति, स्थानीय, आय, क्रीमीलेयर एवं दिव्यांगता सहित आवश्यक प्रमाण-पत्र बनवाना तथा मुख्य परीक्षा की तैयारी करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।

6. भविष्य में JPSC की सभी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवैधानिक प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सिद्ध होती है तो दोषी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि JLKM किसी भी राज्य अथवा किसी अभ्यर्थी के विरुद्ध नहीं है। संगठन की लड़ाई केवल झारखंड के युवाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायपूर्ण भर्ती प्रक्रिया दिलाने के लिए है।
उन्होंने कहा कि महामहिम राज्यपाल ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना तथा ज्ञापन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में राँची जिला अध्यक्ष गुणा भगत, महानगर अध्यक्ष संजय महतो, केंद्रीय सचिव विराट महतो एवं केंद्रीय संगठन महासचिव मनीष साहू उपस्थित रहे।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---