हिंदी में तारीख और समय

---Advertisement---

किसी मां की गोद सूनी न हो, किसी बच्चे का बचपन न छिने… डॉ इरफान अंसारी की बड़ी पहल |

रांची। झारखंड के गरीब, जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को जन्मजात हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारी से मुक्ति दिलाकर उन्हें नया जीवन देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक और संवेदनशील पहल की शुरुआत की है। अब आर्थिक तंगी किसी बच्चे के बेहतर इलाज और स्वस्थ जीवन की राह में बाधा नहीं बनेगी। राज्य के किसी भी बच्चे को पैसे के अभाव में हृदय रोग का इलाज कराने से वंचित नहीं रहना पड़ेगा।

इसी संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग एवं अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ कार्यक्रम का आज माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स ऑडिटोरियम में विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम के तहत जन्म से लेकर 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं हार्ट ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया, जिसमें कुल 380 बच्चों की गहन चिकित्सीय स्क्रीनिंग की गई।

शिविर में देश एवं राज्य के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों के हृदय की विस्तृत जांच की जा रही है। जिन बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि होगी, उन्हें चिह्नित कर आगे की आवश्यक जांच, उपचार एवं सर्जरी के लिए कोच्चि स्थित अमृता हॉस्पिटल भेजा जाएगा। इन बच्चों के इलाज, ऑपरेशन और उससे जुड़ी तमाम आवश्यक सुविधाओं का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह, रिम्स के निदेशक डॉ. डी.के. सिन्हा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा, अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के डॉ. ब्रजेश सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, पैरामेडिकल कर्मी, मरीज एवं उनके परिजन उपस्थित थे।

स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा निर्देश : रिम्स में भी शुरू हो जन्मजात हृदय रोग का संपूर्ण इलाज

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों का इलाज कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि जब वे विधायक थे, तब बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों के हृदय रोग के इलाज और ऑपरेशन की गुहार लेकर उनके पास आते थे। उस समय काफी कठिनाइयों के बीच ऐसे बच्चों को इलाज के लिए राज्य से बाहर भेजने की व्यवस्था करनी पड़ती थी।

उन्होंने कहा कि आज जनता ने उन्हें स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है, इसलिए अब यह विभाग का दायित्व है कि राज्य के हर जरूरतमंद बच्चे को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए। किसी भी बच्चे के माता-पिता को अपने बच्चे के इलाज के लिए दर-दर भटकना न पड़े और न ही आर्थिक तंगी के कारण उसके इलाज में देरी हो।

स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के इलाज एवं ऑपरेशन पर आने वाला लगभग 5 से 10 लाख रुपये तक का पूरा खर्च राज्य सरकार उठा रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद बच्चे को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिले और उसे स्वस्थ जीवन जीने का अवसर प्राप्त हो।

उन्होंने अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि जन्मजात हृदय रोग के उपचार की सुविधा रिम्स में भी शुरू की जाए, ताकि झारखंड के मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े। इसके लिए आवश्यक आधारभूत संरचना, विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा उपकरणों एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जब वे पहली बार मंत्री बने थे, तब परिस्थितियां अलग थीं, लेकिन आज स्वास्थ्य विभाग पूरी संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ काम कर रहा है। हमारा प्रयास है कि राज्य का कोई भी बच्चा इलाज के अभाव में निराश न हो और प्रत्येक परिवार को सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में जरूरतमंद बच्चों तक पहुंच रही उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के कुशल मार्गदर्शन एवं दृढ़ इच्छाशक्ति से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ कार्यक्रम भी इसी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य झारखंड के सुदूरवर्ती ग्रामीण, आदिवासी एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के उन बच्चों तक उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है, जिनके परिवार आर्थिक अभाव के कारण हृदय जैसी गंभीर और खर्चीली बीमारी का इलाज कराने में असमर्थ रहते हैं।

उन्होंने कहा कि इस विशेष शिविर में देश और राज्य के अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों की गहन जांच की जा रही है। जिन बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि होगी, उन्हें तत्काल चिह्नित कर आगे के निःशुल्क उपचार, आवश्यक परीक्षण एवं हार्ट सर्जरी के लिए तैयार किया जाएगा। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उपचार की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो और बच्चों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जनप्रतिनिधियों से स्वास्थ्य मंत्री की अपील : हर जरूरतमंद बच्चे की जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाएं

स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, जिला परिषद सदस्य, मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से विशेष अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की पहचान करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में ऐसा कोई बच्चा है जिसके दिल में जन्मजात छेद है या वह किसी अन्य जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित है और आर्थिक अभाव के कारण उसका इलाज अथवा ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है, तो ऐसे बच्चों की जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और जरूरतमंद परिवारों को इससे जोड़ने का आह्वान किया। स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार ऐसे सभी बच्चों के निःशुल्क इलाज एवं ऑपरेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

पैसों के अभाव में नहीं रुकेगा किसी भी बच्चे का इलाज, हर बच्चे को मिलेगा नया जीवन : मंत्री डॉ. इरफान अंसारी

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भावुक और दृढ़ शब्दों में कहा, “मेरा उद्देश्य है कि झारखंड का कोई भी गरीब, आदिवासी और जरूरतमंद बच्चा इलाज के अभाव में अपनी जिंदगी से समझौता करने को मजबूर न हो। किसी माता-पिता को अपने बच्चे के इलाज के लिए आर्थिक परेशानी के कारण बेबस नहीं होना पड़े। हर बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा और नया जीवन देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाना चाहती है। ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ कार्यक्रम इसी सोच और संकल्प का परिणाम है।

इस महत्वाकांक्षी पहल से झारखंड के सैकड़ों परिवारों में नई उम्मीद जगी है। यह अभियान न केवल जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे बच्चों को नया जीवन देने का माध्यम बनेगा, बल्कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा व्यवस्था की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगा।

अगले एक वर्ष में रिम्स में बहाल होंगे जन्मजात हृदय रोग के विशेषज्ञ चिकित्सक, खरीदे जाएंगे आवश्यक उपकरण : अपर मुख्य सचिव

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह ने इस पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के प्रति आभार व्यक्त किया |

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---