लोहरदगा। लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखेर भगत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में खनिज अधिनियम कानून के खिलाफ तथा चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर एआईसीसी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह लोहरदगा जिला कांग्रेस प्रभारी आलोक कुमार दूबे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को लगातार कटघरे में खड़ा किया है, उससे देश की जनता के बीच केंद्र सरकार के खिलाफ व्यापक नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चंदे से जुड़े मामलों में पारदर्शिता के सवालों ने जनता के विश्वास को चोट पहुंचाई है और प्रधानमंत्री की चुप्पी लोगों को नागवार गुजर रही है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर खनिज अधिनियम के माध्यम से राज्यों के अधिकारों को सीमित करने का प्रयास झारखंड के हितों के साथ कुठाराघात है। झारखंड की जनता इस जनविरोधी निर्णय को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि खनिज कानून और चंदे से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी 27 अगस्त से पूरे राज्य में व्यापक आंदोलन की शुरुआत करेगी, जिसमें लोहरदगा जिला कांग्रेस भी पूरी ताकत के साथ भागीदारी निभाएगी।
सुखेर भगत ने कहा—जनहित के मुद्दों पर निर्णायक संघर्ष करेगा कांग्रेस
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखेर भगत ने कहा कि केंद्र सरकार के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ सड़क पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि खनिज अधिनियम झारखंड के आर्थिक एवं संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है, वहीं चंदे से जुड़े सवाल जनता के विश्वास और राजनीतिक पारदर्शिता से जुड़े हैं। कांग्रेस इन दोनों मुद्दों को लेकर गांव से लेकर जिला स्तर तक जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि 27 अगस्त के आंदोलन को लोहरदगा में ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जाएगा।
पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में भी आंदोलन का निर्णय
इसी क्रम में लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक भी जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखेर भगत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, जिला प्रभारी आलोक कुमार दूबे, समिति के सदस्य विशाल दमदम, सीमा परवीन, संदीप गुप्ता, मुस्ताक अहमद, मोहन दूबे एवं मोहम्मद दानिश उपस्थित रहे।
बैठक में सदस्यों ने एक स्वर से चंदा चोरी के आरोपों से जुड़े सवालों तथा खनिज अधिनियम कानून का विरोध करने का निर्णय लिया। नेताओं ने कहा कि एक ओर चंदे से जुड़े मुद्दों पर जनता की आस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास के साथ खिलवाड़ का आरोप है, वहीं दूसरी ओर खनिज कानून झारखंड के राजकीय अधिकार, अस्मिता और अस्तित्व से जुड़ा विषय है। इन दोनों मुद्दों को लेकर व्यापक जनांदोलन खड़ा करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर लोहरदगा जिला कांग्रेस हर स्तर पर आंदोलन को मजबूत करेगी और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद करेगी। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपने पर चर्चा हुई।
जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में नेसार अहमद, मोहन दुबे, मुश्ताक अहमद, विनोद सिंह खरवार ,मुस्तमन अंसारी, सरिता खालको सोनमती कुमारी, जमीनी उराव, जुगल उराव, सरदूल अंसारी, अरशद अयूब, रविंद्र सिंह, राजा अंसारी, निसार खान, अमजद खान ,अनीस अहमद, युनुस अंसारी सहित जिला कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।






