11 सितंबर को मोरहाबादी से बिरसा मुंडा समाधि स्थल तक होगी भव्य पदयात्रा।
# 10 सितंबर को राजधानी रांची पहुंचेगी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा।
रांची// जेपीएससी एवं जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रिया में व्याप्त धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ चल रही राज्यव्यापी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा 10 सितंबर को राजधानी रांची पहुंचेगी। यात्रा के अंतिम चरण को लेकर आज मंगलवार को मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में सामूहिक मीडिया वार्ता आयोजित की गई।
मीडिया वार्ता में बताया गया कि 11 सितंबर (शुक्रवार) को मोरहाबादी मैदान में राज्यभर से छात्रों एवं समर्थकों का जुटान होगा और भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मोरहाबादी मैदान से बिरसा मुंडा समाधि स्थल, कोकर (डिस्लरी पुल) तक भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी। भगवान बिरसा मुंडा की समाधि स्थल पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राम अवतार महतो ने कहा कि छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक जिले में अध्ययनरत छात्रों एवं अभ्यर्थियों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझना और उनके विचारों व सुझावों को संकलित करना रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से राज्य सरकार की युवा विरोधी नीतियों तथा भर्ती व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं को पूरे राज्य में उजागर किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राज्य के छात्रों और अभ्यर्थियों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है।
मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के संयोजक रामअवतार महतो, दीनबंधु मंडल, लकी रामु राज, चंदन रजक एवं राजीव कुमार तुलसी सहित अन्य उपस्थित रहे।





