नौदी में बेखौफ चोरों का तांडव: रातों-रात 15-16 पोल से 11000 वोल्ट के तार पर किया हाथ साफ, प्रशासन मौन
चान्हो (रांची): चान्हो थाना अंतर्गत ग्राम नौदी में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे जानलेवा 11000 वोल्ट के बिजली तारों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने सिंचाई के लिए खेतों के पास लगाए गए 11000 वोल्ट के तार को लगभग 15 से 16 बिजली के पोलों तक से काटकर चोरी कर लिया।
सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो नजारा देखकर दंग रह गए। कई पोलों पर तार कटे हुए लटके थे और सैकड़ों मीटर लंबा तार गायब था। देखते ही देखते पूरे गांव में यह घटना चर्चा का विषय बन गया।
रात भर जागता है गांव, फिर भी चोरी:
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में रात भर कहीं न कहीं लोग किसी काम से जागे रहते हैं, शादी-ब्याह का सीजन भी चल रहा है, उसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर, बेधड़क इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया और किसी को कानोकान भनक तक नहीं लगी। बिना वाहन के इस्तेमाल किये इतने सारे तारों को चोरी कर ले जाना आसान नहीं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोर कितने शातिर और बेखौफ हैं।
मौनन प्रशासन और बेखौफ चोर:
यह कोई पहली घटना नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में बिजली तार चोरी की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। कुछ ही दिन पहले बंजारी पतरा के पास लगभग 8 से 10 पोल के तार को आधी रात चोरी कर लिया गया था लेकिन आज तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया। सवाल यह उठता है कि जब पूरी रात पुलिस का गश्ती दल क्षेत्र में भ्रमण करता है, फिर भी चोर इतने आराम से पोल पर चढ़कर हाई वोल्टेज तार काट कर ले जाते हैं, तो आखिर पुलिस गश्ती किस काम की?
बिजली विभाग भी इस मामले में पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है। चोरी के बाद न तो विभाग की ओर से कोई त्वरित कार्रवाई होती है और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं। जिसका खामियाजा सीधे किसानों को भुगतना पड़ जाता है, सिंचाई ठप हो जाती है और फसले बर्बादी के कगार पर आ जाते हैं। बिजली रहे या ना रहे किसानों को सिंचाई बिजली बिल का भुगतान करना अनिवार्य है।
ग्रामीणों ने चान्हो थाना पुलिस और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को पकड़ा जाए और चोरी गए तार को बरामद कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।





