कांग्रेस छात्रों के अधिकार और रोजगार के मुद्दों पर हमेशा उनके साथ : आलोक कुमार दूबे
यदि छात्रों की सच में चिंता है तो भाजपा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगे, कांग्रेस कार्यालय का नहीं : आलोक कुमार दूबे
छात्रों के भविष्य पर राजनीति बंद करे भाजपा, शिक्षा मंत्री से जवाब मांगे : आलोक कुमार दूबे

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भारतीय जनता पार्टी पर छात्रों और युवाओं के मुद्दों का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जेपीएससी घेराव का भाजपा का घोषित कार्यक्रम पूरी तरह राजनीतिक नौटंकी साबित हुआ। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में छात्रों और अभ्यर्थियों की समस्याओं को लेकर गंभीर होती तो उसका पूरा आंदोलन जेपीएससी की कार्यप्रणाली, परीक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर केंद्रित होता। लेकिन भाजपा नेताओं ने कांग्रेस कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर यह स्पष्ट कर दिया कि उनका वास्तविक उद्देश्य छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि राजनीतिक माहौल बनाना था।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भाजपा ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उसे छात्रों और युवाओं के भविष्य से अधिक राजनीतिक प्रदर्शन की चिंता है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी केवल एक बहाना था, जबकि असली निशाना कांग्रेस पार्टी थी। इससे यह भी स्पष्ट हो गया कि भाजपा युवाओं के नाम पर राजनीति कर रही है और जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब भाजपा ने छात्रों और युवाओं के आंदोलनों का राजनीतिकरण करने की कोशिश की है। रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और समयबद्ध परीक्षाओं जैसे गंभीर विषयों पर सकारात्मक सुझाव देने के बजाय भाजपा केवल विरोध की राजनीति कर रही है।
दूबे ने कहा कि यदि भाजपा को वास्तव में छात्रों और युवाओं के भविष्य की चिंता होती तो वह कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने के बजाय केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन करती। लगातार पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदारी तय करने के बजाय भाजपा विपक्ष को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की बात करने वाली भाजपा पहले यह स्पष्ट करे कि शिक्षा व्यवस्था में बार-बार हो रही विफलताओं की नैतिक जिम्मेदारी कौन लेगा। यदि भाजपा का उद्देश्य सचमुच छात्रों को न्याय दिलाना है तो उसे राजनीतिक प्रदर्शन छोड़कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से जवाब मांगना चाहिए और उनके इस्तीफे की मांग करनी चाहिए।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही छात्रों और युवाओं के अधिकारों, पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था, समयबद्ध नियुक्तियों और रोजगार के अवसरों को लेकर प्रतिबद्ध रही है। कांग्रेस हर मंच पर युवाओं की आवाज़ बुलंद करती रही है और आगे भी उनके अधिकारों की रक्षा तथा उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा अब भाजपा की राजनीति को समझ चुके हैं और उन्हें केवल दिखावटी आंदोलनों से नहीं, बल्कि रोजगार, शिक्षा और पारदर्शी व्यवस्था से सरोकार है। कांग्रेस इन्हीं जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।






