हिंदी में तारीख और समय

---Advertisement---

सुब्रतो कप में झारखंड की बेटियों का धमाका CISCE को 2-0 से रौंदकर फाइनल में पहुँची झारखंड |

नई दिल्ली के फुटबॉल मैदान पर आज झारखंड की बेटियों ने अपने दमदार खेल से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट के अंडर-17 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में झारखंड ने CISCE को 2-0 से हराकर फाइनल में धमाकेदार प्रवेश किया। पिंटो पार्क फुटबॉल ग्राउंड, नई दिल्ली में खेले गए इस मुकाबले में झारखंड की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, राँची की अगुवाई में प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही झारखंड की टीम का प्रतिनिधित्व संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की बेटियां कर रही हैं। टीम मैनेजर बिंदु कुजूर एवं कोच बिना केरकेट्टा के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन कर रही है।

सेमीफाइनल मुकाबले में झारखंड की ओर से ऊषा कुमारी ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद सबरनी कुमारी ने दूसरा गोल दागकर झारखंड की बढ़त को 2-0 कर दिया। पूरे मुकाबले में झारखंड की खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक रणनीति, अनुशासन और मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया। CISCE की टीम को गोल करने का कोई अवसर नहीं देते हुए झारखंड ने मुकाबला 2-0 से अपने नाम कर लिया।

इससे पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में झारखंड ने बिहार को 5-1 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
सेमीफाइनल में शानदार जीत के बाद अब झारखंड की बेटियों का अगला लक्ष्य सुब्रतो कप का खिताब है। फाइनल मुकाबला 27 अगस्त 2026 को NCC मिजोरम की टीम के साथ खेला जाएगा। झारखंड की टीम की लगातार शानदार जीत से राज्यभर के खेलप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।
मौके पर मौजूद झारखंड की बेटियों की शानदार जीत पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, आज हमारी बेटियों ने जिस आत्मविश्वास, अनुशासन और जुझारूपन के साथ फाइनल में प्रवेश किया है, वह पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। झारखंड की बेटियों ने मैदान पर शानदार टीम भावना और खेल कौशल का परिचय दिया है। अब पूरा झारखंड अपनी बेटियों के साथ खड़ा है। मुझे विश्वास है कि फाइनल में भी हमारी खिलाड़ी इसी जोश और जुनून के साथ खेलते हुए झारखंड के लिए सुब्रतो कप का खिताब जीतेंगी। पूरी टीम को फाइनल के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---