खेल : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद , रांची द्वारा सत्र 2026–27 के विद्यालयी खेल कैलेंडर के तहत राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 21 जुलाई, 2026 तक खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, रांची में किया जाएगा।
प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी प्रमंडल के विजेता जिला को निर्देश दिया गया है कि विजेता टीमों को 16 जुलाई, 2026 को अपराह्न 3:00 बजे तक खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम के रजिस्ट्रेशन हॉल में अनिवार्य रूप से रिपोर्ट कराना सुनिश्चित करें, ताकि पंजीकरण, दस्तावेजों का सत्यापन एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएँ समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सकें।
राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में सभी प्रमंडलों की विजेता टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमें राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इसके उपरांत द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 25 जुलाई, 2026 तक तथा राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 29 से 31 जुलाई, 2026 तक किया जाएगा।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों, जिला शिक्षा अधीक्षकों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षित, समयबद्ध एवं सफल सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।






