भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर रांची के धुर्वा स्थित राजीव गांधी वरिष्ठ नागरिक उद्यान में कांग्रेस जनों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित किया
राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि, आधुनिक भारत की नींव रखने वाला नेतृत्व बताया
राजीव गांधी 21वीं सदी के भारत के स्वप्नद्रष्टा, सूचना क्रांति और पंचायती राज के शिल्पकार : केशव महतो कमलेश
सूचना क्रांति से पंचायती राज तक, राजीव गांधी के फैसलों ने बदली भारत की तस्वीर : केशव महतो कमलेश
राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच ने भारत को भविष्य के लिए तैयार किया : डॉ. रामेश्वर उरांव
राजीव गांधी ने भविष्य की जरूरतों को समय रहते पहचाना, उनकी दूरदर्शिता आज भी प्रासंगिक : डॉ. रामेश्वर उरांव
राजीव गांधी ने युवाओं को 21वीं सदी का सपना दिखाया, तकनीक को बनाया विकास का आधार :डाॅ बलमुचू
20वीं सदी में जन्म लेकर राजीव गांधी ने 21वीं सदी का सपना देखा और युवाओं को दिखाया : आलोक कुमार दूबे
राजीव गांधी आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने वाले दूरदर्शी नेता, गांव और युवाओं को दी नई ताकत : लाल किशोर नाथ शाहदेव
राजीव गांधी बदलते भारत की नई दिशा के शिल्पकार, युवाओं और तकनीक पर था अटूट भरोसा : डॉ. राजेश गुप्ता
रांची। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर रांची के धुर्वा स्थित राजीव गांधी वरिष्ठ नागरिक उद्यान में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव, फिरोज रिजवी मुन्ना, मेंहुल दूबे,कुमुद रंजन, संजीत यादव, अभिषेक साहू, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राजीव गांधी 21वीं सदी के भारत के स्वप्नद्रष्टा थे। सबसे कम उम्र में देश के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने अपने अल्प कार्यकाल में सूचना क्रांति, युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी, मताधिकार की उम्र सीमा घटाने और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने जैसे ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी देश को दिशा देने वाला है।
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि राजीव गांधी विलक्षण प्रतिभा के धनी, आधुनिक सोच वाले और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने अपने समय से आगे की सोच रखी और यह समझने का प्रयास किया कि आने वाले वर्षों में देश को किन चीजों की आवश्यकता होगी। राजीव गांधी का मानना था कि यदि हम भविष्य की चुनौतियों को आज समझकर तैयारी करें, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बेहतर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश के विकास को केवल राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा, बल्कि रोजगार, शिक्षा, तकनीक, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की भागीदारी और ग्रामीण विकास को भी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार माना। जिस समय दुनिया तेजी से तकनीकी बदलाव की ओर बढ़ रही थी, उस समय राजीव गांधी ने भारत में कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने का साहसिक निर्णय लिया। आज देश के सर्विस सेक्टर में जिस बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं और सूचना तकनीक भारत की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण ताकत बनी है, उसमें राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच की बड़ी भूमिका है।
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि राजीव गांधी ने लोकतंत्र को केवल संसद और विधानसभा तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे गांव के स्तर तक मजबूत करने का काम किया। उनका स्पष्ट विचार था कि देश और राज्य में सरकार होने के साथ-साथ गांवों में भी जनता की अपनी सरकार होनी चाहिए। इसी सोच के तहत पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती दी गई और ग्रामीण जनता को स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिला।
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि राजीव गांधी का सपना केवल उनके समय का सपना नहीं था, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भारत का सपना था। कांग्रेस पार्टी जब भी केंद्र की सत्ता में आएगी, तो राजीव गांधी के विचारों और उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाते हुए युवाओं, किसानों, महिलाओं, शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने का काम करेगी। यही भारत रत्न राजीव गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि राजीव गांधी ने देश के नौजवानों को 21वीं सदी का सपना दिखाया और कंप्यूटर एवं तकनीक को भारत के विकास का महत्वपूर्ण आधार बनाया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व पर भी जोर दिया। आज तकनीक और पर्यावरण दोनों हमारे भविष्य की अनिवार्य जरूरत हैं। राजीव गांधी के विचारों और उनके सपनों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राजीव गांधी 20वीं सदी में जन्म लेकर 21वीं सदी का सपना देखने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश के छात्रों और युवाओं को भी आधुनिक भारत का सपना दिखाया। आज तकनीक और सोशल मीडिया के माध्यम से छात्र-युवा अपनी आवाज देशभर तक पहुंचा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने जिस सूचना क्रांति की नींव रखी थी, उसका प्रभाव आज समाज के हर क्षेत्र में दिखाई देता है। उन्होंने युवाओं की लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए। आलोक दूबे ने कहा कि राजीव गांधी के पांच वर्ष के कार्यकाल में लिए गए दूरदर्शी फैसलों का प्रभाव आज भी देश महसूस कर रहा है और उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राजीव गांधी केवल एक प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि बदलते भारत की नई दिशा के शिल्पकार थे। उन्होंने युवाओं की क्षमता और देश की नई पीढ़ी पर भरोसा किया। सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, शिक्षा और पंचायती राज के क्षेत्र में उनके द्वारा लिए गए फैसलों ने भारत को आने वाले दशकों के लिए तैयार किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि वे वर्तमान की चुनौतियों के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को भी देखते थे। आज डिजिटल भारत, सूचना तकनीक और स्थानीय स्वशासन जिस रूप में दिखाई देते हैं, उसमें राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच की स्पष्ट छाप है। उनके विचारों को आत्मसात कर युवाओं को अवसर, शिक्षा को मजबूती और लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष डाॅ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि राजीव गांधी को 21वीं सदी के आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने वाले नेता के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने युवाओं पर भरोसा किया, गांवों को मजबूत किया और सूचना क्रांति के माध्यम से देश को नई दिशा दी। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती देकर उन्होंने लोकतंत्र को गांवों तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके आदर्शों और बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शिता का परिणाम आज देश की तकनीकी प्रगति, सूचना क्रांति, पंचायती राज और युवाओं की बढ़ती भागीदारी के रूप में दिखाई देता है। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और आधुनिक, लोकतांत्रिक एवं समावेशी भारत के निर्माण के लिए काम करना ही राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।






