यूवाओं के आंदोलन का शांतिपूर्ण समाधान: मल्लिकार्जुन खड़गे जी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पूरी कैबिनेट को दी बधाई
नई दिल्ली: में आज झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड में लगभग 26 दिनों तक चले युवाओं के आंदोलन, राज्य सरकार की पहल तथा आंदोलन के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा युवाओं को उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
डॉ. इरफान अंसारी ने श्री खड़गे जी को आंदोलन से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट सौंपते हुए बताया कि जननायक श्री राहुल गांधी जी के मार्गदर्शन और सक्रिय हस्तक्षेप ने युवाओं के मुद्दे को गंभीरता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पूरे मामले को संवेदनशीलता, संयम और शांतिपूर्ण तरीके से संभाला।
आंदोलन के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की, मेडिकल बोर्ड का गठन किया तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं। ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रातभर आंदोलन स्थल और अस्पताल पहुंचकर युवाओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। दोनों मंत्रियों ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की।
“युवाओं के आंदोलन का शांतिपूर्ण समाधान सराहनीय” — मल्लिकार्जुन खड़गे
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी ने कहा कि “युवा देश का भविष्य हैं।” झारखंड सरकार ने युवाओं की बात सुनकर जिस संवेदनशीलता के साथ इस आंदोलन का समाधान किया, वह सराहनीय है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी सहित पूरी कैबिनेट, राज्य सरकार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह को युवाओं के आंदोलन को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कराने तथा उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए बधाई दी।
श्री खड़गे जी ने आंदोलन के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा युवाओं की चिकित्सा और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए किए गए प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की तथा डॉ. इरफान अंसारी और पूरी टीम का मनोबल बढ़ाया।
“जननायक राहुल गांधी जी युवाओं के सच्चे हमदर्द हैं” — डॉ. इरफान अंसारी
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “जननायक श्री राहुल गांधी जी देश के युवाओं की आवाज और उनके सच्चे हमदर्द हैं। आज पूरे देश का युवा राहुल गांधी जी को अपने भविष्य की उम्मीद के रूप में देख रहा है।”
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी ने युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया और सरकार को पत्र लिखकर उनकी मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करने का संदेश दिया। उनके हस्तक्षेप से युवाओं के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिली।
डॉ. अंसारी ने कहा कि युवाओं के आंदोलन को लंबे समय तक खिंचने देना उनके भविष्य के लिए नुकसानदायक होता। हमारी सरकार ने टकराव के बजाय संवाद, संवेदनशीलता और समाधान का रास्ता चुना।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि युवाओं से संवाद किया जाए, उनकी बात सुनी जाए और उनके स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जाए। सरकार ने उसी भावना के साथ पूरी संवेदनशीलता से काम किया।
झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे अमूलचूल परिवर्तन पर भी चर्चा
मुलाकात के दौरान झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे व्यापक कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. इरफान अंसारी ने RIMS-2, नए मेडिकल कॉलेज, आधुनिक अस्पतालों, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं, Digital Health और AI आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी श्री खड़गे जी को दी।
श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी ने झारखंड में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे अमूलचूल परिवर्तन की सराहना की और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को बधाई दी।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड सहित पूरे देश का युवा आज राहुल गांधी जी से बड़ी उम्मीद रखता है। युवाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और उनके उज्ज्वल भविष्य की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।






