हिंदी में तारीख और समय

---Advertisement---

स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड का दमदार प्रदर्शन|

*झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची|
*✦ 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड का दमदार प्रदर्शन, अंडर-14 बालक टीम ने हासिल किया तृतीय स्थान*

झारखंड | मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ के लोधीढोंगा स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान में 22 से 27 दिसंबर तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड के अंडर-14 बालक हॉकी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में देश के 32 राज्यों एवं इकाइयों की टीमों ने भाग लिया, जिसमें झारखंड टीम ने अनुशासित खेल, आक्रामक रणनीति और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय दिया। उल्लेखनीय है कि झारखंड टीम इस प्रतियोगिता में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में शामिल हुई थी। झारखंड टीम ने अपने लीग एवं नॉकआउट मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज की। पहले मैच में दिल्ली को 13-0 से, दूसरे मैच में केरल को 9-0 से तथा तीसरे मैच में जम्मू-कश्मीर को 12-0 से पराजित किया। प्री-क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक को 8-0 से और क्वार्टर फाइनल में बिहार को 12-0 से हराकर टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले के बाद झारखंड को उत्तर प्रदेश से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।

इसके उपरांत तृतीय स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में झारखंड टीम ने मणिपुर को 14-0 से पराजित कर 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। पूरे प्रतियोगिता के दौरान टीम के कोच सैय्यद मोहम्मद मशरूर के साथ-साथ मैनेजर राजन गुरुंग का भी सराहनीय योगदान रहा। उनके कुशल प्रबंधन, अनुशासन एवं मार्गदर्शन से टीम ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। कोच सैय्यद मोहम्मद मशरूर को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट कोच अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

इस शानदार उपलब्धि पर राज्य के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी श्री सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग तथा राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने झारखंड टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Post