सैकड़ों लोगों ने थामा आजसू का दामन
*जनता के साथ छल कर रही*
*है राज्य सरकार : सुदेश महतो*
रांची। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के समक्ष विभिन्न राजनीतिक दलों ग्रेस, झामुमो तथा जेएलकेएम के सैकड़ों लोगों ने आज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। केंद्रीय कार्यालय, हरमू (रांची) में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर भी उपस्थित थे।
आजसू पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा है कि झारखंड में राज्य सरकार जनता के साथ छल कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल झामुमो–कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव में अपना–अपना प्रत्याशी उतारा है। अगर उन्हें चुनाव में जोर आजमाना ही था, तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दलीय आधार पर चुनाव करवा लेते। उन्होंने कहा कि ईवीएम की बजाय बेलेट पेपर से चुनाव करवाना भी राज्य सरकार की नीयत पर संदेह पैदा करता है। आजसू पार्टी राजनीतिक नैतिकता का पालन करते हुए किसी भी प्रत्याशी का समर्थन नहीं कर रही। जिला समितियां अपने स्तर पर निर्णय लेंगी।
श्री महतो ने कहा कि झामुमो ने विगत दो चुनावों में निजी कम्पनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार दिलवाने का वायदा किया था, लेकिन छह वर्ष में राज्य सरकार ने ’स्थानीयता’ को ही निर्धारित नहीं किया है। पहले राज्य सरकार स्थानीयता को निर्धारित करे।
श्री महतो ने कहा कि पार्टी निरंतर संघर्ष के पथ पर अग्रसर है। झारखंड की निकम्मी सरकार से क्षुब्ध होकर लोग लगातार आजसू पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन को नई मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि अब वह समय आ गया है जब सुलझे हुए और जागरूक युवा झारखंड की बागडोर अपने हाथों में लेने को तैयार हैं। यह सदस्यता ग्रहण उसी जनविश्वास का एक छोटा सा उदाहरण है।
श्री महतो ने आगे कहा कि संगठन नए सदस्यों की क्षमता और समर्पण को देखते हुए उन्हें उचित दायित्व सौंपेगा, ताकि झारखंड के विकास और जनहित के मुद्दों पर मजबूती से कार्य किया जा सके।
इस अवसर पर केंद्रीय मीडिया संयोजक श्री परवाज खान, केंद्रीय सचिव श्री हरीश कुमार तथा युवा आजसू प्रदेश संयोजक अब्दुल जब्बार, जिला सचिव श्री कुदरत शेख आदि भी उपस्थित थे।
*ये हुए पार्टी में शामिल*
आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से मेसरा अस्पताल के निदेशक जावेद अख्तर, साबिर हुसैन, नूरहसन अंसारी, तबरेज अंसारी, माजिद आलम, राजाउल अंसारी, अफरोज अंसारी, तौसीफ अंसारी, सोनी, मोहम्मद इरशाद, रवि पासवान, शबाबाज खान, महताब, इमरान अंसारी सहित सैकड़ों लोग शामिल थे।






